अतर्रा। स्कूल संचालकों द्वारा ऑनलाइन कक्षाओं के नाम पर अभिभावकों से मनमानी फीस वसूली जा रही है। अभिभावकों और अधिवक्ताओं ने बृहस्पतिवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन कर उप जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में यह आरोप लगाए हैं। रोष जताया कि स्कूल बंद होने के बावजूद अभिभावकों पर फीस के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं और अभिभावकों ने तहसील प्रांगण में स्कूल संचालकों की मनमानी पर रोष जताते हुए प्रदर्शन किया।
उप जिलाधिकारी सौरभ शुक्ला को ज्ञापन देकर बताया कि कोरोना के चलते शासन के निर्देश पर लगातार विद्यालय और अन्य शिक्षण संस्थाएं बंद हैं। स्कूलों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से कक्षाएं संचालित कराई जा रही, लेकिन स्कूल प्रबंधन द्वारा ऑनलाइन कक्षाओं के नाम पर अभिभावकों से मनमानी फीस वसूली जा रही है।
आरोप लगाया कि फीस अदा न करने वाले अभिभावकों का उत्पीड़न किया जा रहा है। बच्चों को स्कूल से बाहर करने की धमकी दी जाती है। स्कूल-कालेजों के इस रवैए से अभिभावकों में गुस्सा पनप रहा है।
अधिवक्ताओं ने बताया कि फीस के संबंध में शासन द्वारा कई दिशा निर्देश जारी किए गए, लेकिन ऑनलाइन कक्षाओं की आड़ में फीस वसूली का दबाव बनाया जा रहा है। ज्ञापन देने वालों में अधिवक्ता ब्रह्मदत्त शुक्ला, राजेश द्विवेदी, श्यामबाबू, संतोष कुमार, प्रमोद अवस्थी, लखन मिश्रा, मनीष तिवारी, अतुल दीक्षित, चंद्रपाल यादव आदि थे।