नरैनी। कोतवाली क्षेत्र के हड़हा गांव में शुक्रवार को सुबह मामूली विवाद पर दो पक्षों के बीच चले लाठी-डंडों में 10 लोग घायल हो गए। उन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। खालिद (95) सुबह नमाज अदा कर रहे थे। तभी गांव के जुबैर पुत्र रईस ने कुत्ते को डंडा फेंक कर मारा।
डंडा खालिद को जा लगा। इसी के कुछ ही देर बाद बच्चे के दरवाजे पर शौच करने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। दोनो पक्षों में लाठी-डंडे चल गए। इसमें कासिम (40), साबिर (35), हमीद (52) पुत्रगण खालिद, रेहान (16) पुत्र लतीफ, सुल्फान (21) पुत्र हमीद तथा दूसरे पक्ष के मुबीन पुत्र सत्तार कल्लू, फरजंद पुत्र अब्दुल रहमान, रहीम पुत्र मंजूर, भिक्खू पुत्र नूर मोहम्मद, कुरैशा पत्नी मुबीन घायल हो गए। उन्हें सीएचसी ले जाया गया। कोतवाली प्रभारी गिरेन्द्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षो की ओर से तहरीर दी गई है। कार्रवाई की जा रही है।