बांदा। घर से अपने परिचित के साथ बबेरू जाने की बात कहकर निकले मजदूर का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। वहीं पुलिस किसी वाहन की टक्कर लगने से मौत होना बता रही है।
बदौसा थाना क्षेत्र के गांव कुल्लूखेड़ा निवासी जगमोहन ने बताया कि उसके भाई शिवमोहन (45) बृहस्पतिवार की शाम अपने परिचित गांव भदावल के रहने वाले कल्लू के साथ बबेरू जाने की बात कहकर निकले थे। रात में वह घर नहीं लौटे। परिजन ने उनकी तलाश की, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चला।
शुक्रवार को सुबह एक ई-रिक्शा चालक ने उसका शव पड़रा नाले के पास पड़ा देखा। उसने पहचान कर उसके परिजन को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की है। भाई ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश या दुश्मनी नहीं है। शिवमोहन के गाल में चोट है। उन्होंने हत्या की आशंका जताई है। बताया कि साथी कल्लू ने उन्हें इस विषय में कोई जानकारी नहीं दी।
उधर, पुलिस का कहना है कि किसी वाहन की टक्कर लगने से मौत हुई है। शिवमोहन के चार पुत्रियां दो पुत्र हैं। घर में पत्नी शिवपतिया है। बदौसा थानाध्यक्ष राधा कृष्ण तिवारी ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजन गलत अंदाजा लगा रहे हैं।