बांदा। सहालग फिर शुरू हो गए। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक 13 अप्रैल से खरमास खत्म हो गया। शुक्र अस्त होने की वजह से इस बार मई और जून में शादी-ब्याह नहीं होंगे। ज्योतिषाचार्य पंडित उमाकांत त्रिवेदी के मुताबिक 14 मार्च से खरमास लग गया था। शुभ लग्न नहीं थीं।
इस कारण एक माह तक शादी-ब्याह ठप रहे। अब खरमास खत्म हो गया है। हालांकि अप्रैल माह में गिनी-चुनी तारीखों में ही सहालग हैं। 26 अप्रैल से तीन जुलाई तक शुक्र अस्त रहेगा। इस दौरान विवाह आदि शुभ कार्य नहीं होंगे। इस बार अक्षय तृतीया (9 मई) को अबूझ मुहूर्त है।
इसमें कोई भी शुभ कार्य या शादी आदि बिना विचार के किए जा सकेंगे। अप्रैल में 18, 19, 20, 22 व 26 को बड़ी सहालग हैं। इसके बाद सीधे जुलाई माह में 7, 9, 10, 11 व 13 को वैवाहिक समारोह होंगे।