कमासिन थाना क्षेत्र के लोहरा गांव में शनिवार को युवक की उसके दोस्त ने ही लाठियां मारकर हत्या कर दी। मृतक की पत्नी ने युवक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
गांव निवासी दिनेश उर्फ बबलू सिंह (32) पुत्र विजय बहादुर सिंह को शनिवार की शाम उसका दोस्त मंजू पांडेय पुत्र गया प्रसाद (लोहरा) अपने साथ ले गया था। रात लगभग डेढ़ बजे बबलू सिंह का शव गांव से कुछ दूर क्योटन डेरा में जयपाल केवट के दरवाजे पर पड़ा मिला। उसके जिस्म पर लाठियों की चोट के निशान थे।
सिर फटा हुआ था। जयपाल ने इसकी सूचना मृतक के भाई मंगल सिंह को दी। मृतक की पत्नी ममता ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि बबलू मंजू पांडेय के साथ यह कर निकला था कि कुछ देर बाद लौटकर खाना खाएगा। पत्नी ने आरोप लगाया कि मंजू ने बबलू की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक बबलू और मंजू दोनों शराब के नशे में थे। पड़ोसियों ने मंजू द्वारा बबलू को घसीटते हुए देखा था। उधर, ग्रामीणों ने बताया कि बबलू शराब का लती था। इसी लत में उसने लगभग छह बीघा जमीन बेच डाली। उसके नाम अब चार बीघा जमीन है। मृतक चार भाइयों में छोटा था। थानाध्यक्ष हरिशरण सिंह ने बताया कि आरोपी मंजू पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया है। उधर, परिजन हत्या की वजह नहीं बता पा रहे। भाई मंगल सिंह का कहना है कि उनके परिवार से किसी से रंजिश भी नहीं है।