बांदा। न्यायालय के आदेश पर सेवानिवृत्त सिपाही समेत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ गिरवां थाने में संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हुई है। मामले की विवेचना खुरहंड पुलिस चौकी इंचार्ज को सौंपी गई है। महिला ने रिटायर्ड पुलिस कर्मी पर खेत से घर वापस लौटते समय रास्ते में रोककर अभद्रता, छेड़खानी सहित कपड़े फाड़ने और गले में पड़ी सोने की माला छीनने का आरोप लगाया है।
गिरवां थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने आठ अप्रैल को गिरवां थाने में तहरीर देकर आप बीती बताई थी, लेकिन पुलिस ने इस मामले पर कार्रवाई नहीं की। मजबूरन महिला ने न्यायालय की शरण ली और न्यायालय ने इस मामले पर सुनवाई करने के बाद गिरवां थाना की पुलिस को सेवानिवृत्त पुलिस कर्मी समेत दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए।
गिरवां थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश तिवारी ने बताया कि 14 जून को गंभीर धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया गया है। बताया कि मामले की विवेचना खुरहंड चौकी प्रभारी यज्ञ नारायण भार्गव को सौंपी गई है। मामले की विवेचना के दौरान घटनास्थल के साथ ही आसपास मौजूद रहे लोगों के बयान लेते हुए वारदात की पुष्टि की जाएगी।
विवेचक यज्ञ नारायण भार्गव ने बताया कि वह अवकाश पर हैं, वापस आते ही मामले की जांच करेंगे। कहा कि विवेचना के दौरान मामले की हकीकत सामने आएगी। हालांकि उन्होंने इस मामले पर हुई एफआईआर को फर्जी करार दिया।