बांदा । शहर में महेश्वरी देवी मंदिर से भक्तों ने बाबा खाटू श्याम की पैदल शोभायात्रा निकाली। यह शहर में भ्रमण करते हुए तिंदवारी बाईपास स्थित मंदिर पहुंची। यहां भक्तों को प्रसाद बांटा गया। रास्ते में भक्तों ने बाबा खाटू श्याम के जयकारे लगाए।
बाबा खाटू श्याम सेवा मंडल की ओर से हर माह एकादशी पर पैदल निशान यात्रा निकाली जा रही है। इस बार कामदा एकादशी पर भी गुरुवार को गाजे-बाजे के साथ भक्तों ने शोभायात्रा निकाली। महेश्वरी देवी मंदिर से सुबह यात्रा शुरू हुई। जगह-जगह भक्तों ने यात्रा का स्वागत किया व आरती उतारी।
संस्था के अध्यक्ष मोंटू गुप्ता ने बताया कि यह यात्रा लगातार 12वीं बार निकाली गई है। यात्रा में महिलाएं व बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल हुए और भजनों पर नृत्य किया। शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए यात्रा बाईपास स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंची। यहां भंडारे में सभी को प्रसाद वितरित किया गया। वीरेंद्र गुप्ता,जीतू गुप्ता,अमित गुप्ता,राकेश गुप्ता, रामभोरी, रत्नेश गुप्ता, हरीशंकर, विनोद, मनोज, शिवा, सुधीर तिवारी, मोहित चौरसिया आदि उपस्थित रहे।