चित्रकूट। कई मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब होने के कारण तेज धूप में मतदाता परेशान रहे। बीएलओ व राजनीतिक दलों के लगाए गए बस्तों में अपना नाम तलाशते रहे। जिले भर में सैकड़ों ऐसे मतदाता रहे जो गर्मी व धूप में वोटर लिस्ट में नाम ढूंढने के लिए पसीना बहाते रहे पर नाम नहीं मिला। ऐसे में निराश होकर व्यवस्था को कोसते हुए बिना वोट डाले घर लौट आए।
शहर के बल्दाऊगंज निवासी विजय ने बताया कि उसके परिवार के सदस्य जानकी का नाम वोटर लिस्ट में नहीं है। पिछले चुनाव में उन्होंने बल्दाऊगंज स्थित बीआरसी भवन में वोट डाला था। कुबेरगंज निवासी रश्मि देवी ने बताया कि उसकी पर्ची घर नहीं पहुंची। शंकरगंज निवासी धनपतिया, मंजू व सरोज ने बताया कि उसका नाम वोटर लिस्ट में नहीं मिला। कई घंटे तक बीएलओ से कहते रहे लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। तेज धूप व गर्मी में बिना मतदान किये लौटने को मजबूर हुए।
रूखमा खुर्द निवासी राकेश कुमार ने बताया कि उनका नाम वोटर लिस्ट में नहीं मिला। इसी तरह से मानिकपुर, राजापुर क्षेत्र में भी वोटर लिस्ट से नाम गायब होने से स्थानीय निवासी परेशान रहे। इन सभी का यह भी कहना रहा कि विधानसभा चुनाव में उनकी पर्ची मिली थी और वह मतदान करने गये थे। इस बार की व्यवस्था सही नहीं रही।