बांदा। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सांसद आरके सिंह पटेल ने केन बेतवा लिंक परियोजना में दोनों राज्यों के बीच जल बंटवारे का फैसला हो जाने के बाद केन नदी में बांदा शहर के पास पानी संग्रहण के लिए बैराज निर्माण के निर्देश दिए हैं। सिंचाई विभाग को इसका प्रस्ताव शीघ्र देने को कहा। नेशनल हाईवे में काटे गए पेड़ों के स्थान पर पौधरोपण कराने को भी कहा।
सर्किट हाउस सभागार में बृहस्पतिवार को आयोजित बैठक में बांदा-चित्रकूट सांसद आरके सिंह पटेल और हमीरपुर-महोबा-तिंदवारी सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल भी शामिल रहे। अध्यक्षता कर रहे सांसद पटेल ने केन में बैराज और एनएच में पौधरोपण के साथ ही पीएम आवास योजना (नगरीय) के लिए जिला स्तरीय कमेटी गठन के निर्देश दिए। इसमें जनप्रतिनिधियों को भी शामिल करने को कहा। इसके लाभार्थियों को आवासों की चाभी जनप्रतिनिधियों से ही दिलवाने के निर्देश दिए।
सामुदायिक शौचालयों का लोकार्पण भी जनप्रतिनिधि से करवाएं जाएं। खेत तालाब योजना के लाभार्थियों किसानों की सूची कृषि विभाग द्वारा अब तक उपलब्ध न कराने और गलत सूचना देने पर स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। बैठक से अनुपस्थित अधिकारियों से भी जवाब तलब करने को कहा। सांसद चंदेल ने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में ऐसे परिवार चिह्नित किए जाएं जिनके पास शौचालय नहीं है और पात्र हैं। उन्हें शौचालय दिए जाएं।
जल निगम 16वीं शाखा के लिए तोड़ी गईं सड़क अब तक न बनवाने पर स्पष्टीकरण मांगते हुए शीघ्र सड़क मरम्मत के निर्देश दिए। कहा कि केन नदी में बैराज से नदी किनारे गांवों में जलस्तर बढ़ेगा। विधायक प्रकाश द्विवेदी ने लघु सिंचाई विभाग द्वारा बनवाए गए तालाबों की सूची और प्रगति रिपोर्ट तलब की। कहा कि ऊर्जीकरण वाले मजरों की सूची उन्हें उपलब्ध कराएं। कार्य पूरा हुए बगैर टाटा कंपनी को भुगतान न किया जाए।
बैठक में कृषि विभाग को निर्देश दिए गए कि बीमा कंपनियों के एजेंटों के फोन नंबर ब्लॉक व तहसील में होर्डिंग्स में दर्ज कराए जाएं। डीएम आनंद कुमार सिंह ने कहा कि बैठक में लिए गए निर्णयों को प्राथमिकता और गुणवत्ता से पूरा कराया जाएगा। कहा कि जांच में समिति के सदस्यों को भी शामिल किया जाए। बैठक का संचालन सीडीओ हरिश्चंद्र वर्मा ने किया। बैठक में संबंधित अधिकारी और जन प्रतिनिधियों के प्रतिनिधि आदि भी शामिल रहे।