बांदा। महज पांच इंच जमीन को लेकर चल रहे विवाद में 55 वर्षीय व्यक्ति को दबंग पड़ोसियों ने घर में बंधक बनाकर पीटा और छत से नीचे फेंक दिया। बचाने गए उसके पुत्र को भी लाठियों से जख्मी कर दिया। दोनों को गंभीर चोटें हैं। उधर, घायल पक्ष के समर्थकों ने पुलिस चौकी घेर ली और बांदा-बहराइच स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे बाद जाम खत्म हुआ।
घटना चिल्ला थाना क्षेत्र के पपरेंदा गांव की है। जिला अस्पताल लाए गए कल्लू प्रजापति पुत्र बुल्ला ने बताया कि शुक्रवार को सुबह विवादित जमीन की पंचायत के लिए पड़ोसी दबंग उसे अपने घर ले गया और बंधक बना लिया। लाठियों से पीटने के बाद छत से नीचे फेंक दिया। बचाने पहुंचे पुत्र शिवकरन (18) को भी मारपीटकर जख्मी कर दिया। यूपी-112 ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
उधर, घटना के बाद घायलों के परिजन आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों के साथ गांव के सामने स्टेट हाईवे पर दोपहर 2 बजे जाम लगा दिया। बांदा-कानपुर व लखनऊ का मार्ग ठप हो गया। दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। लगभग दो घंटे बाद जाम खत्म हुआ। थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि कल्लू की तहरीर पर आरोपी पड़ोसी सूरजपाल यादव, विंधकुमार, छुटकू व अवधेश यादव के विरुद्ध मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। एक को हिरासत में ले लिया गया।