रमजान माह का दूसरा अशरा बारिश से सराबोर हो रहा है। बारिश और बादलों से सुहावने हुए मौसम ने रोजेदारोें के चेहरे पर मुस्कराहट ला दी है। मंगलवार को दिन भर बादल रहे और कई बार रिमझिम बारिश हुई। उधर, जमाते इस्लामी हिंद ने 25 गरीब रोजेदारों के परिवारों को राशन की किट बांटी।
सोमवार से रमजान माह का दूसरा अशरा शुरू हो गया है। यह 11वीं रमजान से 20 रमजान तक रहेगा। इस अशरे को इस्लाम में मगफिरत का अशरा (10 दिन) माना गया है। मस्जिदों में शाम होते ही इफ्तार सज जाते हैं। सूरज डूबते ही अजान की सदा सुनाई पड़ते ही रोजेदार इफ्तार करते हैं।
यह सिलसिला चांद रात तक जारी रहेगा। कई मजिस्दों मेें तरावीह के दौरान कुरान सुनने-सुनाने का काम पूरा हो गया है। अधिकांश मस्जिदों में अभी चल रहा है। तरावीह अदा करने वालों की चहल-पहल आधी रात तक नजर आ रही है। उधर, मानसून की दस्तक से गर्मी और लू से रोजेदारों को काफी राहत मिली है।
इसके लिए रोजेदार रोजाना दुआएं मांग रहे थे। मंगलवार को जमाते इस्लामी हिंद (पूर्वी) ने ह्यूमन वेलफेयर फाउंडेशन से 25 गरीब रोजेदारों को राशन की किट बांटी। किट मेें आटा, चावल, दाल, शक्कर, घी, तेल, सेवइयां, ड्राई फूट आदि एक माह का राशन है।
कार्यक्रम की शरुआत जमाते इस्लामी के क्षेत्रीय नाजिम मोहम्मद अकरम खां ने तिलावत से की। इस दौरान जमात के स्थानीय अमीन नवाब अहमद सहित सिराज अहमद फारुकी, मोहम्मद अली, शाहान, काशिफ हुसैन, जीशान आदि मौजूद रहे।