बदौसा। नदी टोला बदौसा, दुबरिया और बरछा-ब में पेयजल संकट को लेकर चल रहा जल सत्याग्रह पांचवें दिन बुधवार को अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थगित हो गया।
विधायक ओममणी वर्मा मौके पर पहुंची और समस्या निदान के निर्देश दिए। विधायक की मौजूदगी में जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता विमल कुमार वर्मा, सहायक अभियंता अंकित प्रताप वर्मा तथा जल निगम बांदा के अभियंता मुकेश चौधरी धरना स्थल पर पहुंचे।
अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर समाधान पर वार्ता की। उन्होंने 20 दिन में गांवों में शुद्ध व नियमित जलापूर्ति का आश्वासन दिया। स्थायी व्यवस्था तक छह टैंकर पानी प्रतिदिन उपलब्ध कराएगा। इस दौरान प्राणनाथ सोनकर, विनोद गुप्ता, मनोज माहुले, आनंद स्वरूप गौतम, हरिशंकर दुबे, रामसनेही सोनकर समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।