बांदा। जान है तो जहान है। जिंदगी रही तो त्योहार फिर आएंगे और हंसी खुशी मनाए जाएंगे। अभी महामारी के मद्देनजर गाइडलाइन का भरपूर पालन करें। खुद सुरक्षित रहें। प्रशासन के सहयोगी बनें।
ये नसीहतें डीएम आनंद कुमार सिंह और एसपी अभिनंदन ने सोमवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मद्देनजर कलक्ट्रेट में आयोजित शांति समिति की बैठक में लोगों को दी। कहा कि त्योहार में सौहार्द की अपनी वरासत बरकरार रखें। कोविड का खतरा अभी खत्म नहीं हुआ है। इसका भी ख्याल रखें।
मास्क लगाएं और दो गज की दूरी जरूर बनाए। किसी तरह की अफवाहाें में न आएं। डीएम ने पशु चिकित्साधिकारियों की ड्यूटी थानेवार लगाने और भ्रमण के निर्देश दिए। शहर की अन्ना गायों को गोशाला भेजने को कहा। डीएम ने कहा कि धारा 144 भी लागू है। इसमें एक स्थान पर 5 से अधिक लोग नहीं इकट्ठा हो सकते। सभी एसडीएम और क्षेत्राधिकारी को निर्देश दिया कि क्षेत्र में भ्रमण पर रहें।
निकायों के ईओ को ताकीद की कि नाले-नालियों की सफाई करा लें। त्योहार में सफाई व्यवस्था चौकस रहे। सुअर सड़कों पर न दिखाई पड़े। जल संस्थान सुबह-शाम जलापूर्ति करें। एसपी अभिनंदन ने कहा कि मिलजुलकर शांतिपूर्वक त्योहार मनाएं। पुलिस पूरी सुरक्षा व्यवस्था करेगी।
बैठक में एडीएम संतोष बहादुर सिंह, एसडीएम सुधीर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट केशव नाथ गुप्ता, एएसपी महेंद्र प्रताप चौहान सहित सभी एसडीएम, विभागीय अधिकारी व पुलिस अधिकारी और समिति सदस्य डॉ. शेख सादी जमां (मुतावल्ली जामा मसजिद, ईदगाह), शहर काजी मेराज मसूदी (अकील मियां), विश्व हिंदू परिषद अध्यक्ष चंद्रमोहन बेदी, राजकुमार राज, मनोज जैन, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष आरिफ खां, अमित सेेठ भोलू, शोभाराम कश्यप इत्यादि मौजूद रहे।ं