बुंदेलखंड में लघु और सीमांत किसानों का मानक दायरा पांच हेक्टेयर किए जाने की मुख्य मांग लेकर यहां मंडल मुख्यालय में बुंदेलखंड किसान यूनियन के बेमियादी धरने को भाजपा सांसद भैरो प्रसाद मिश्रा और सपा सांसद विशंभर प्रसाद निषाद ने भी जायज बताते हुए समर्थन दिया है। शनिवार को दोनों सांसद अलग-अलग समय में धरनास्थल पहुंचे।
कलक्ट्रेट के सामने चल रहे धरने के चौथे दिन शनिवार को सुबह सांसद भैरो प्रसाद मिश्र धरना स्थल आए और किसान यूनियन नेताओं से बातचीत कर उनका ज्ञापन लिया। सांसद ने कहा कि किसानों की मांग जायज है। दायरा बढ़ाने की मांग वह खुद करते चले आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह इस मांग सहित किसानों के अन्य मुद्दे भी संसद में उठाएंगे। उधर, दोपहर को धरना स्थल पहुंचे सपा के राज्य सभा सदस्य विशंभर प्रसाद निषाद ने भी मांगों को समर्थन करते हुए राज्य सभा में यह मुद्दा उठाने का भरोसा दिलाया। भाकपा के जिला महासचिव डा. रामचंद्र सरस ने कहा कि जब तक बुंदेलखंड में सिंचाई के संसाधन और फसल का उचित मूल्य नहीं मिलेगा तब तक किसानों की बदहाली जारी रहेगी।
यूनियन राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल कुमार शर्मा ने कहा कि मांगे पूरी न होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय समन्वय संघर्ष समिति 27 से 31 मार्च तक गांव का उत्पादन गांव में आर्थिक नाकेबंदी कर रही है। बुंदेलखंड किसान यूनियन उसका समर्थन करता है। धरने में यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रवण कुमार, महासचिव गजबदन शुक्ला समेत गणेश प्रसाद शर्मा, उमा सिंह, भइयालाल पटेल, लक्ष्मी प्रसाद मिश्रा, बाबू शैलेंद्र मिश्र, बालाजी, अनिल भारतीय, मोतीलाल द्विवेदी, नवल किशोर, काशी प्रसाद आदि शामिल रहे।