Instructions for termination of doctor's contract
- फोटो : BANDA
बांदा। जल जीवन मिशन में पाइप डालने के लिए तोड़ी गईं सड़कें एक माह के अंदर शत प्रतिशत दुरुस्त हो जाएं। टाइम लाइन के अंदर जल निगम अपना काम पूरा नहीं करता तो उस पर पेनाल्टी लगाकर डीएम यह काम पूरा कराएं। पेनाल्टी राशि काम पूरा करने वाले विभाग को दी जाए। यूपी सिडको की तीनों परियोजनाओं का एसडीएम से भौतिक सत्यापन कराया जाए।
ये निर्देश चित्रकूटधाम मंडल के लिए मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्त प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में दिए। अध्यक्षता कर रहे प्रभारी मंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड विकास निधि से बन रहीं सड़कों में तेजी लाई जाए।
मानक के मुताबिक निर्माण होने पर ही एनओसी और भुगतान किया जाए। निर्माणाधीन 7 पुलों का निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री ने डीएम से कहा कि यूपी सिडको की जो 3 परियोजनाएं हैं उनका भौतिक सत्यापन एसडीएम से कराएं। बबेरू बस स्टैंड के फोटो तलब किए। चिल्ला थाने का निर्माण कार्य मई तक पूरा करने के लिए कहा।
मंत्री ने डीएम को निर्देश दिया कि राशन वितरण की जांच एसडीएम से कराएं। गोल्डन कार्डों के बारे में सीएमओ संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। जल जीवन मिशन की खटान और अमलीकौर पेयजल योजनाओं की समीक्षा में कार्यदाई संस्था का प्रतिनिधि उपस्थित न होने पर मंत्री ने नाराजगी जताई।
बैठक में राज्यमंत्री (श्रम एवं सेवा योजन) मनोहर लाल (मन्नू लाल) कोरी, राज्यमंत्री गिरीशचंद्र यादव (खेलकूद व युवा कल्याण), सांसद आरके सिंह पटेल, विधायक प्रकाश द्विवेदी, आईजी एसके भगत, डीएम अनुराग पटेल, एसपी अभिनंदन सहित जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह ने मंत्रियों का स्वागत करते हुए मंडल की प्रगति और विकास कार्यों की जानकारी दी।