बांदा। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत महत्वपूर्ण प्रक्रिया चल रही है। जिसका उद्देश्य अनमैप्ड मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करना और सूची को त्रुटिरहित बनाना है। अभियान के दूसरे चरण में जिन मतदाताओं के रिकॉर्ड वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मेल नहीं खा पाए थे, उन्हें चुनाव आयोग द्वारा नोटिस जारी कर अपना नाम सूची में बनाए रखने का अंतिम अवसर दिया जा रहा है।
जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 13,49,521 मतदाता दर्ज हैं। वर्ष 2003 की मतदाता सूची के आधार पर 11,74,109 मतदाताओं का सत्यापन किया गया था। जिसमें 64,644 मतदाता ऐसे पाए गए जिनकी मैपिंग नहीं हो सकी। इन अनमैप्ड मतदाताओं को चुनाव आयोग की ओर से नोटिस भेजकर, उन्हें अपनी पहचान साबित करने के लिए प्रमाण पत्र जमा करने को कहा गया है।
प्रारूप मतदाता सूची के साथ बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) इन मतदाताओं के दावों को निस्तारित कर रहे हैं। अब तक, कुल 27,003 मतदाताओं ने अपने नाम जोड़ने या सही कराने के लिए दावे प्रस्तुत किए हैं। इसका अर्थ है कि ये मतदाता मतदाता सूची में बने रहेंगे और उन्हें बाहर नहीं किया जाएगा। इन दावा प्रस्तुत करने वाले मतदाताओं को जोड़कर, चारों विधानसभाओं में मतदाताओं की कुल संख्या 12,01,112 हो गई है।
पहचान सत्यापन के लिए आवश्यक दस्तावेज
अनमैप्ड मतदाताओं को अपनी पहचान स्थापित करने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा सुझाए गए 13 विकल्पों में से किन्हीं चार प्रमाण पत्रों को जमा करना अनिवार्य है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने उप-जिलाधिकारियों (एसडीएम), तहसीलदारों और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को ईआरओ और एईआरओ के रूप में नामित किया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि एएसडी (ऑटोमेटेड सब-डिवीजनल मैपिंग) श्रेणी के सभी मतदाताओं को समय पर नोटिस प्राप्त हो। यदि मतदाता आवश्यक प्रमाण प्रस्तुत करते हैं, तो बीएलओ उन्हें मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी करेंगे। जो मतदाता प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर पाएंगे, उन्हें नए सिरे से मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा।
विधानसभावार निस्तारण की स्थिति
विधानसभा
नोटिस वाले मतदाता
दावा प्रस्तुत करने वाले मतदाता
तिंदवारी 12,837
7,667
बबेरु 20,069
5,174
नरैनी 16,721
6,735
बांदा
15,017
7,427
कुल
64,644
27,003
विशेष मतदाता अभियान दिवस आज
बांदा। विधानसभा क्षेत्रों में शनिवार को विशेष मतदाता अभियान दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण दिन पर, मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी पूरी तरह उपस्थित रहेंगे और मतदाता सूची का वाचन कर नामों का सत्यापन करेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी कुमार धर्मेंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के दौरान मतदाताओं के दावों और आपत्तियों से संबंधित फार्म-6, फार्म-7, और फार्म-8 प्राप्त किए जाएंगे।
मतदाताओं की समस्याओं का समाधान और पंजीकरण
अभियान का एक प्रमुख उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित न रह जाए। नो मैपिंग वाले मतदाताओं से साक्ष्य सहित गणना प्रपत्र लिए जाएंगे, ताकि उनकी पहचान और पंजीकरण की प्रक्रिया सुगम हो सके। इसके अतिरिक्त, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) आवंटित मतदेय स्थलों का भ्रमण कर मतदाताओं की विभिन्न दिक्कतों का त्वरित समाधान करेंगे।