बांदा। आवासीय विद्यालय में दो छात्रों की मौत और लगातार सामने आ रहीं अन्य समस्याओं पर प्रशासन सख्त हो गया है। डीएम के निर्देश शनिवार को आवासीय व अन्य स्कूलों का निरीक्षण कराया गया। इनमें कमियां मिलने पर सुधार के निर्देश भी दिए गए।
जिले में विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने शनिवार को व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया।
जिलाधिकारी अमित आसेरी के निर्देश पर बेसिक, माध्यमिक, श्रम, समाज कल्याण और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से संचालित 26 आवासीय विद्यालयों का जिला स्तरीय अधिकारियों, एसडीएम और बीडीओ ने औचक निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, भोजन समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इससे पहले 20 अगस्त को जिले के परिषदीय विद्यालयों में भी व्यापक रैपिड सर्वे कराया गया था।
जनपद और मंडल स्तरीय अधिकारियों ने 404 परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी थी। इस दौरान जलभराव, जर्जर व निष्प्रयोज्य भवन, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, फल और दूध वितरण, शैक्षिक गतिविधियों तथा शासन की ओर से विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की जांच की गई।
रैपिड सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर विद्यालयवार मिली कमियों की सूची संबंधित विभागों को उपलब्ध करा दी गई है। अधिकारियों को कमियों का जल्द सुधार कराने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।