बड़ोखर बुजुर्ग। गोशाला में मृत गोवंश को ट्रैक्टर से घसीटते हुए एक कथित वीडियो सोशल मीडिया में प्रचलित होने के मामले में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी व महुआ पशु चिकित्सा अधिकारी ने मंगलवार को गोशाला का निरीक्षण किया। यहां तमाम कमियां मिलने पर उन्होंने केयर टेकर को कड़ी फटकार लगाई है। चरही के पानी में कीड़े पड़े हुए थे।
महुआ ब्लॉक के मनीपुर गांव में स्थित गोशाला को तिंदवारी की मधु फाउंडेशन की ओर से संचालित किया जा रहा है। यहां कुछ गोवंशों को मृत अवस्था में ट्रैक्टर से घसीटते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। हालांकि इस वीडियो की पुष्टि अखबार नहीं करता है। इस वायरल वीडियो को लेकर मंगलवार को सुबह मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव कुमार व महुआ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.पुष्पेंद्र द्वारा गोशाला का निरीक्षण किया गया।
गोशाला में पानी वाली चरही में कीड़े पड़े हुए थे। जिसको सफाई करने के आदेश दिए गए। साथ में कहा कि किसी भी मृत गोवंश को घसीटा न जाए। अगर ऐसा हुआ तो उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर खाने के लिए पयार और साथ में मूंगफली का फूस भी मिला। केयर टेकर में सचिन राजपूत ने बताया कि अब यहां पर गड्ढा करा दिया गया। जहां पर मृत गोवंशों को दफनाया जाएगा। मौके पर 150 गोवंश मिले। साथ में गोशाला की सफाई भी कराई जा रही है।