बांदा। ननिहाल आई दो वर्षीय मासूम की तालाब में डूबने से मौत हो गई। तालाब में उसका शव उतराता मिला तो परिजनों को जानकारी हो सकी।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गुरेह गांव निवासी रामकुमार ने बताया कि उसकी नातिन जाह्ववी (2) सोमवार सुबह साढ़े 10 बजे करीब घर के बाहर स्थित भरुउवा तालाब के पास खेल रही थी। खेलते समय पैर फिसलने पर वह तालाब में डूब गई। काफी देर तक घर नहीं आने पर उसकी मां मिंटा देवी और परिजनों ने उसकी तलाश की तो तालाब में उतराता हुआ उसका शव बरामद हुआ।
नाना ने बताया कि करीब एक साल पहले मिंटा अपनी ससुराल चित्रकूट के टोला मऊ गांव से अपने मायके आ गई थी। मिंटा को उसके ससुराली परेशान करते थे। इसलिए वह पिछली रक्षाबंधन से अपने मायके में बनी थी। जाह्ववी उसकी इकलौती बेटी थी। देहात कोतवाली इंस्पेक्टर अनूप दुबे ने बताया कि तालाब में डूबकर बच्ची की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।