बांदा। सड़क किनारे घायल मिले नौ वर्षीय बालक की मौत हो गई। परिजनों ने ई-रिक्शा चालक गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। पैलानी थाना क्षेत्र के पचकौरी गांव निवासी महाबली का पुत्र आदर्श पांच दिन पूर्व 27 मई को कुछ हम उम्र बच्चों के साथ ई-रिक्शा में बैठ गया।
कुछ दूर पर सभी बच्चे उतर गए। आदर्श रिक्शे में ही बैठा रहा। शाम को आदर्श गांव से करीब दो किलोमीटर दूर घायल अवस्था में मिला। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया। वहां मंगलवार की रात उसने दम तोड़ दिया।
परिजन शव घर ले आए। पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया है। पिता ने आरोप लगाया कि ई-रिक्शा चालक की करतूत से उसके पुत्र की मौत हुई। उसे चलते रिक्शे से फेंक दिया गया। थाना पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी गांव निवासी ई-रिक्शा चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली।