फोटो-9-सड़क चौड़ीकरण कार्य के लिए पूजन करते विधायक प्रकाश द्विवेदी व अन्य। स्रोत: प्रशासन
बांदा। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने रविवार को तिंदवारा में बुंदेलखंड विकास निधि से 29 लाख रुपये से बने बरात घर का लोकार्पण किया।
इसके साथ ही राज्य सड़क निधि से 18.70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली करीब सात किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया।
बांदा-नरैनी मार्ग से शुरू होकर बांदा-बिसंडा मार्ग तक जाने वाली इस सड़क की चौड़ाई 3.5 मीटर से बढ़ाकर 5.5 मीटर की जाएगी। निर्माण कार्य में जरूरत के अनुसार पुल-पुलियों का निर्माण कराया जाएगा। आबादी वाले क्षेत्रों में सीसी रोड बनाई जाएगी। साथ ही थर्मोप्लास्टिक कैट-आई और आधुनिक साइन बोर्ड लगाए जाएंगे।
इससे पहले विधायक ने ग्राम पंचायत निवादा मलेहरा में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के शहरी और ग्रामीण इलाकों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार जारी रहेगा। प्रयास है कि प्रत्येक गांव और नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।
इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजभवन उपाध्याय, पंकज रैकवार, महुआ मंडल अध्यक्ष प्रेम स्वरूप द्विवेदी, ब्लॉक प्रमुख बड़ोखर स्वर्ण सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामकिशोर शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य सदाशिव अनुरागी, प्रतिनिधि धीरज राजपूत, अमरमणि त्रिपाठी सहित कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।