दुकान हटाने के विरोध में व्यापारियों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान व्यापारियों की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। अंतत: पुलिस ने अदालत के आदेश का हवाला देकर सख्ती से दुकानें हटवा दीं।
जमीन मालिक और व्यापारियों के बीच नजर बाग में कई वर्षों से किराएदारी को लेकर विवाद चल रहा है। शनिवार को अदालत के आदेश पर पुलिस ने व्यापारियों से विवादित जमीन से गुमटी हटाने को कहा। इस पर व्यापारी भड़क गए। व्यापारियों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी झड़प हुई।
दुकानदारों का आरोप था कि बिना किसी नोटिस के उन्हें जमीन से बेदखल किया जा रहा है। पुलिसकर्मियों के पास कोई अदालती आदेश भी नहीं था। सिर्फ जमीन मालिक के पक्ष में कोतवाली पुलिस काम कर रही है। पुलिसकर्मियों ने हजारों रुपये का सामान सड़क पर फेंक दिया।
अंतत: पुलिस की सख्ती से व्यापारियों ने दुकानें हटा लीं। इस बाबत कोतवाली प्रभारी हरिशंकर राय का कहना है कि अदालत के आदेश पर अवैध गुमटियां हटाईं गईं हैं।