बांदा। पुरानी रंजिश में पिता-पुत्र किशोर को ठंडा पेय पदार्थ पिलाने का लालच देकर साथ ले गए और अमानवीय यातनाएं दी। किशोर को रस्सी से बांधकर बाइक से करीब डेढ़ किलोमीटर तक घसीटा, जिससे उसका पूरा बदन लहूलुहान हो गया। पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने नाबालिग का डॉक्टरी परीक्षण कराया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के कालका चौराहा निवासी कुंदन (14) को उसके मोहल्ले के पिता-पुत्र अपने साथ तीन अप्रैल को ठंडा पेय पदार्थ पिलाने का लालच देकर ले गए। दबंग पिता-पुत्र ने किशोर को पल्हरी गांव में बंधक बना लिया। वहां उसे बाइक में बांधकर मवई बाईपास तक करीब डेढ़ किलोमीटर तक घसीटा। जिससे वह लहूलुहान हो गया। बाद में उन्होंने उसके पिता जालिम सिंह को जानकारी दी कि उसके पुत्र का एक्सीडेंट हो गया है। वह उनके घर में है। चार अप्रैल को पिता दबंगों के घर पहुंचा। वहां से वह उसे लेकर घर गया। घर में कुंदन ने अपने ऊपर की गई ज्यादती को बताया। जिस पर पिता ने गुरुवार को कोतवाली में तहरीर दी। पिता ने बताया कि सन 1992 में उसके भाई सुग्रीव को इन्हीं पिता-पुत्र ने गोली मारी थी। तब से यह रंजिश मानते हैं।
कोतवाली प्रभारी संदीप तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर किशोर का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।