पड़ोसियों ने चल रहा जमीन का विवाद रविवार को तूल पकड़ गया। दबंग पड़ोसियों ने दिनदहाड़े दो वाहनों पर सवार होकर आने के बाद अपने विरोधी के घर आग लगा दी। आग ने पड़ोस के दो और मकानों को चपेट में ले लिया। तीनों मकानों में लाखों रुपये की गृहस्थी का सामान राख हो गया। ग्रामीणों ने पांच आरोपियों को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
अन्य आरोपी भाग निकले। मौके पर पहुंची दो थानों की पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। देर शाम तक यह वाहन गांव में ही खड़े थे। फायर ब्रिगेड कर्मियों व ग्रामीणों ने आग बुझाई। उधर, ग्रामीणों ने आरोपी तीन लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। थाना पुलिस देर रात तक कुछ भी बताने से कतराती रही।
घटना जसपुरा थाना क्षेत्र के गड़रिया गांव की है। रविवार को दोपहर करीब दो बजे दो लग्जरी वाहनों में दबंग पड़ोसी अपने करीब 15 साथियों के साथ आ धमके और कमलेश पुत्र सुंदरलाल के घर में आग लगा दी। कमलेश और उसके परिवार ने बाहर भागकर जान बचाई।
कुछ ही देर में आग ने पड़ोसी रामनरेश और छोटा पुत्र कल्लू के घरों को भी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। लगभग तीन घंटे बाद आई फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। तीनों घरों की गृहस्थी राख हो गई।
उधर, आग लगाने के बाद भाग रहे पांच आरोपियों को ग्रामीणों ने दबोच लिया। कुछ देर बाद जसपुरा और पैलानी थानाध्यक्ष फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने इन पांचों को पुलिस के हवाले कर दिया। घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरा व जाइलो गाड़ियां पुलिस ने कब्जे में ले लीं।
पीड़ित कमलेश ने बताया कि दबंग पड़ोसियों से जमीन का विवाद चल रहा है। इसी खुन्नस में इन्होंने आग लगाई। उधर, घटना के कई घंटों बाद देर रात तक जसपुरा थानाध्यक्ष महेश सिंह का कहना था कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
थानाध्यक्ष ने यह भी कहा कि पीड़ित पक्षों से फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। उधर, पीड़ितों का कहना था कि वह थाने में तहरीर दी गई है। आगजनी और दबंगई की दिनदहाड़े हुई बड़ी घटना पर थानाध्यक्षों के अलावा पुलिस या प्रशासन का कोई बड़ा अफसर देर रात तक मौके पर नहीं पहुंचा। उधर, क्षेत्राधिकारी सदर प्रभात कुमार ने फोन पर बताया कि वह कजली मेला ड्यूटी में महोबा में हैं। पुलिस अधीक्षक का फोन भी नहीं मिल सका।