बांदा। कोरोना महामारी के मरीजों की मदद में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) आगे आई है। एसोसिएशन ने लक्षण युक्त मरीजों के लिए विभिन्न 10 दवाइयों वाली 600 किट/पैकेट डीएम आनंद कुमार सिंह और सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा को सौंपे हैं। यह पैकेट शहर व गांवों में लक्षणयुक्त मरीजों को आरआरटी टीमें बांटेगी।
बुधवार को आईएमए की बांदा यूनिट अध्यक्ष डॉ. मो. रफीक, सचिव डॉ. नरेंद्र गुप्ता और डॉ. जे. विक्रम व डॉ. भूपेंद्र सिंह ने दवा के पैकेट सौंपे। सीएमओ डॉ. शर्मा ने बताया कि दवा के इन पैकेटों के वितरण के लिए बाइक सवार आरआरटी टीम रवाना की गई है। कलक्ट्रेट में डीएम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सीएमओ ने बताया कि महामारी की दूसरी लहर में होम आइसोलेशन वाले संक्रमितों और सर्वेक्षण में पाए गए लक्षणयुक्त रोगियों को यह दवाएं दी जा रही हैं। उन्हें जांच रिपोर्ट आने तक यह दवा खानी है। साथ ही जिनकी जांच नहीं हो पाई और उनमें लक्षण हैं। उन्हें भी यह दवा दी जा रही है।
डीएम ने देखा प्लांट और ट्रामा सेंटर
बांदा। डीएम आनंद कुमार सिंह ने बुधवार को जिला अस्पताल में बन रहे आक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया। ट्रामा सेंटर भी देखा। बताया गया कि बुधवार को यहां 86 एंटीजन टेस्ट हुए। 6 पाजिटिव पाए गए। डॉ. विनीत सचान ने मरीजों के बारे में बताया। सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा, सीएमएस डॉ. यूबी सिंह आदि उपस्थित रहे।