जमालपुर में आईएमए द्वारा मुफ्त मच्छरदानी और क्वायल वितरण शिविर में ग्रामीणों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। डेंगू और जानलेवा बुखार जैसी बीमारियों से जूझ रहे जमालपुर गांव में स्वास्थ्य और मलेरिया विभाग मच्छरों का सफाया नहीं कर पाया। ग्रामीणों को मच्छर जनित बीमारियों से बचाने के लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने मच्छरदानियां और क्वायल मुफ्त बांटे। जमालपुर गांव में अब तक डेंगू से छह मौतें हो चुकी हैं। सैकड़ों लोग बीमार हुए हैं। अभी भी गांवों को इस संकट से निजात नहीं मिली है। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन सिर्फ सफाई और दवा वितरण ही करा सका। लेकिन मच्छर जनित रोगों पर काबू नहीं पाया जा सका।
ऐसे में गांवों के लोगों को मच्छरों से बचाने के लिए आईएमए ने मच्छरदानी और क्वायल मुफ्त बांटे। जिलाधिकारी योगेश कुमार ने भी मच्छरदानी व क्वायल बांटी। सीडीओ आरके सिंह ने बताया कि 550 लोगों को मच्छरदानी और 1140 क्वायल बांटे गए। इसके अलावा मवई गांव में भी 140 मच्छरदानी और 40 क्वायल बांटे गए। इनकी व्यवस्था आईएमए ने की थी। सीएमओ डा. जीएस वाजपेयी ने भरोसा दिलाया कि अस्पताल में इलाज की सारी व्यवस्थाएं हैं। वितरण मौके पर आईएमए सचिव डा. नरेंद्र गुप्ता, अतिरिक्त सचिव डा. मनोज कुमार शिवहरे, डा.टीआर सरसैय्या, डा.एमएस खां, डा.आरके गुप्ता, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. राजकुमार दिवाकर, जिला विकास अधिकारी एसपी सिंह, एक्सईएन विद्युत अमित कुमार, जेई मुकेश चौरसिया आदि शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन अर्थ एवं संख्याधिकारी और बड़ोखर बीडीओ आरडी यादव ने किया।