बांदा। पैलानी तहसील के खप्टिहा में बालू खदान ठेकेदारों द्वारा किसानों की भूमि में खनन का मुद्दा मंडलायुक्त तक पहुंचा है। मंडलायुक्त गौरव दयाल ने किसानों के ज्ञापन पर बांदा डीएम को निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित करें कि निजी भूमि में खनन न हो।
बुधवार को पैलानी क्षेत्र के किसानों ने सामूहिक हस्ताक्षरों से मंडलायुक्त को दिए ज्ञापन में कहा कि पट्टे की शर्तों और नियमों के विपरीत खप्टिहा कलां में खनन किया जा रहा है। खप्टिहा कलां पूर्व चौकी प्रभारी और तहसीलदार की जांच समिति की मिलीभगत से 80 फीट गहराई तक खनन किया गया है।
जरीब से नाप नहीं कराई जा रही। मौके पर पहुंचे खनिज अधिकारी और तहसीलदार ने भी अनदेखी कर दी। खेतों में गहरे गड्ढे बन गए हैं। खदान ठेकेदार असलहाधारियों के साथ किसानों को डरा-धमका रहे हैं। मारपीट की भी घटनाएं की हैं। किसानों ने मांग की कि जरीब से नाप करवाकर सीमांकन कराया जाए। मानक के मुताबिक खनन हो।
मंडलायुक्त के बाद ये किसान डीएम से भी मिले। बताया कि डीएम ने खनिज अधिकारी को सख्त निर्देश दिए कि किसानों के खेतों में खनन नहीं होना चाहिए। ज्ञापन देने वालों में महेंद्र सिंह गौतम, ऊषा निषाद, सुमन वर्मा, मथुरिया, रामदेवी, गुलरिया, माया, उर्मिला आदि शामिल रहे।