बांदा। सरकारी कर्मचारी हेलमेट न लगाएं तो उससे दोगुना जुर्माना वसूल किया जाए। यह निर्देश जिलाधिकारी जे.रीभा ने सड़क सुरक्षा सप्ताह की बैठक के दौरान कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि बांदा-बहराइच मार्ग एवं पपरेंदा में सड़क किनारे खड़े ओवरलोड वाहनों को हटाया जाए और ओवरलोडिंग पर कड़ी कार्रवाई की जाए। ई-रिक्शा से होने वाले जाम को खत्म करने के लिए नंबरिंग कराई जाए तथा रजिस्ट्रेशन की चेकिंग की जाए। ई -रिक्शा संचालन के लिए एकल मार्ग को प्रभावी तरीके से लागू किया जाए। ट्रैफिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी इस पर ध्यान दें। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने एवं कमी ले जाने के लिए चिन्हित दुर्घटना वाले स्थान पर संकेतक, डिवाइडर एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं।
रायबरेली-बांदा मार्ग में विभाग द्वारा दो किलोमीटर के अवशेष मरम्मत कार्य को तत्काल पूरा किया जाए। तिंदवारी में रोड से अतिक्रमण हटाया जाए। बाबूलाल चौराहे पर डिवाइडर बनाए जाने के लिए निर्देश दिए। बताया गया कि ओवरलोड वाहनों से माह अप्रैल में 123 लाख के प्रशमन शुल्क की वसूली की गई है। बिना हेलमेट के 682 एवं बिना सीट बेल्ट के 270 चालान किए गए हैं।
उन्होंने विद्यालयों में सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूकता लाने के लिए जागरूकता कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, आरटीओ शंकर सिंह, अपर जिला अधिकारी नमामि गंगे मदन मोहन वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक दिनेश कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड राजेश कुमार, जिला सूचना अधिकारी राम जी दुबे आदि मौजूद रहे।