बांदा। ट्रैक्टर की किश्त जमा करने को लेकर पति-पत्नी का आपसी विवाद हो गया। इससे आहत होकर पत्नी ने जहर खा लिया। यह देख पति ने भी जहर खा लिया। दोनों को परिजनों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से डॉक्टरों ने महिला को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पति की हालत में सुधार है। मटौंध थाना क्षेत्र के गोयरा मुगली गांव निवासी पंचा ने बताया कि उसने तीन माह पहले नया ट्रैक्टर खरीदा है। ट्रैक्टर की किश्त भरने के लिए उसने अपने पुत्र दीपक (30) से कहा था। किश्त भरने को लेकर दीपक का पत्नी कुंती (25) से विवाद हो गया। जिस पर कुंती ने जहर खा लिया।
इससे उसकी हालत बिगड़ गई। पति दीपक ने देखा तो उसने भी जहर खा लिया, लेकिन उसकी बहनों से उसके मुंह से गोलियां निकाल ली। परिजन दोनों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां से डॉक्टरों ने कुंती को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया है।
उधर, दीपक की हालत में सुधार है। दीपक ने बताया कि वह दिल्ली में रहकर वेल्डिंग का काम करता है। एक माह पहले गांव आया था। बताया कि पिता ने उससे ट्रैक्टर की किश्त भरने को कहा था, इस पर पत्नी कुंती नाराज हो गई थी। मटौंध थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि आपसी विवाद में दोनोें ने जहर खाया है।