एचटी लाइन टूटकर गिरने से किसान झुलस गया जबकि मवेशी की मौत हो गई। घटना से उत्तेजित ग्रामीणों ने आम चौराहे पर जाम लगा दिया। तहसीलदार व क्षेत्राधिकारी ने समझाकर शांत किया और जाम खत्म कराया।
कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव निवासी किसान सुमेरा प्रजापति अपनी भैंस को चराने खेत ले गया था। वहां खेतों के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन टूटकर नीचे आ गिरी। घास चर रही भैंस करंट की चपेट में आ गई। सुमेरा भी बुरी तरह झुलस गया। ग्रामीण उसे सीएचसी लाए। हालत नाजुक होने पर डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उधर, घटना से उत्तेजित ग्रामीण चार ट्रैक्टरों पर सवार होकर बबेरू आम चौराहा आए और मुआवजा और जर्जर तारों को बदलने की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। लगभग एक घंटे तक लगे रहे जाम से सड़क पर आवागमन ठप हो गया।
सूचना पर तहसीलदार दिलीप कुमार और क्षेत्राधिकारी यशवीर सिंह व प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु सिंह यादव पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस फोर्स देखकर तीन चालक ट्रैक्टर लेकर भाग गए जबकि एक ट्रैक्टर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। अफसरों के आश्वासन पर बमुश्किल जाम खत्म हुआ।