बांदा। मई माह के शुरुआती दिनों में ही तल्ख धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों से लोगों का बुरा हाल है। सिर पर गमछा बांधकर या तौलिया लपेटकर लोग अपने घरों से बाहर निकल रहे हैं। तपिश से परेशान होने पर रास्ते में छांव दिखते ही लोग रुककर बचाव कर रहे हैं।
कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक दिनेश शाहा के मुताबिक गुरुवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रिकार्ड किया गया। उन्होंने बताया कि अभी कुछ दिन ऐसे ही तापमान बढ़ने की संभावना है। दोपहर के समय अति व्यस्त मार्गों में भी कुछ ही लोग नजर आ रहे हैं। सुबह 10 बजे से चलने वाले गर्म हवाओं के थपेड़ों से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। चिकित्सक डा. विनीत सचान ने लगातार गर्म हो रहे मौसम में लोगों को सलाह दी है कि बिना पानी पिये घर से बाहर न निकलें और ठंडे पेय नीबू पानी, शिकंजी आदि का इस्तेमाल करें। उधर, अतर्रा में नई दुल्हन को मंदिर पूजा के लिए लाए परिजनों ने जब तीखी धूप देखी तो दुल्हन पर छांव करने के प्रयास में जुटे नजर आए।