बांदा। योग क्षेत्र में विशेष योगदान करने वाले 90 लोगों को डीएम ने प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। उधर, सदर तहसील में चालू की गई नेकी की दीवार में जरूरतमंदों के लिए अपने अनुपयोगी कपड़े व सामान दान करने वाले राजस्व कर्मियों को भी सम्मानित किया। जनपद की सभी तहसीलों में नेकी की दीवार चालू करने का निर्देश दिया।
शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम हीरा लाल ने योगाचार्य रमेश सिंह राजपूत और उनकी टीम के 10 लोगों सहित योगा में विशेष भूमिका निभाने वाले 90 लोगों को प्रशस्तिपत्र सौंपा। इनमें रमेशचंद्र सिंह, डा.शिवप्रकाश सिंह, पवन कुमार श्रीवास्तव, देवेश निगम, कैलाशचंद्र द्विवेदी, तरुण सिंह, मोतीलाल सिंह, राम सिंह, सुप्रिया तिवारी, नरेंद्रभूषण तिवारी, प्रियंका शुक्ला, प्रियंका गुप्ता, दीपिका शुक्ला आदि शामिल हैं।
इन सभी ने 12 सितंबर को जीआईसी में आयोजित विशाल सामूहिक योगा में खास भूमिका निभाई थी। इस अवसर पर एडीएम न्यायिक संजय कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन सुमंत कुमार और सेवानिवृत्त कलक्ट्रेट प्रशासनिक अधिकारी सईद अहमद आदि उपस्थित थे। डीएम ने कहा कि योगा को अपनी आदत में शामिल करना चाहिए। इससे हमेशा सेहत चुस्त और दुरुस्त रहेगी।
उधर, सदर तहसील में चालू की गई नेकी की दीवार में कपड़े व अन्य सामग्री दान व सहयोग करने वाले तहसीलदार अवधेश कुमार निगम सहित लेखपाल रमेश श्रीवास्तव, रमेशचंद्र अवस्थी, सुरेश श्रीवास्तव, कमलेश बाबू, रामकिशोर वर्मा, अब्दुल मजीद, अमरदीप गौतम, कुमारी प्रीति कुशवाहा, संग्रह अमीन रामकृष्ण त्रिपाठी, चतुर्थ श्रेणी कर्मी सुनील कुमार, लिपिक दिनेश कुमार, राजस्व निरीक्षक फूलचंद्र पांडेय आदि को डीएम हीरा लाल ने प्रशस्तिपत्र सौंपे। उन्होंने सभी तहसीलों के एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को अपनी तहसीलों में इसी तर्ज पर नेकी की दीवार चालू करने की अपील की है। कहा है कि- नेकी कर दरिया में डाल, जिंदगी में कर ले कुछ कमाल।