तिंदवारी विधायक बृजेश प्रजापति।
- फोटो : amarujala
भूगर्भ की रिपोर्ट पर शासन ने तीन साल पूर्व तिंदवारी क्षेत्र के बड़े हिस्से को डार्क जोन घोषित कर रखा है। यहां नए हैंडपंप व ट्यूबवेल पर रोक है। इसके बाद गर्मी में जल संकट दूर करने को क्षेत्रीय विधायक ने कहा कि डार्क जोन को ‘ठीक’ करा नए हैंडपंप लगवाएंगे।
तिंदवारी विधायक बृजेश प्रजापति ने रविवार को सर्किट हाउस में मीडिया के समक्ष अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं। कहा कि गर्मी में पानी का जबरदस्त संकट हो जाता है। हैंडपंप जवाब दे जाते हैं और तालाबों में भी पानी नहीं रहता। उनकी पहली प्राथमिकता है पानी संकट दूर करना। संबंधित विभागों के अधिकारियों को नए हैंडपंप लगाने और खराब हैंडपंपों को तुरंत दुरुस्त करने को कहा गया है। उन्हें जब बताया गया कि तिंदवारी डार्क जोन घोषित है।
इस बाबत विधायक का जवाब बेहद दिलचस्प रहा। वे बोले- डार्क जोन है तो उसे ठीक करा लेंगे पर, पानी संकट दूर करने के लिए हैंडपंप लगना जरूरी है। बताया कि क्षेत्र के खराब सड़कों की सूची तैयार की जा रही है। ट्रांसफार्मर फुंकने पर 72 घंटों में बदले जाएंगे। गांव में बिजली बाधित नहीं हो पाएगी।
विधायक ने यह भी कहा कि तहबाजारी के अवैध बैरियरों को नहीं चलने दिए जाएंगे। भ्रष्टाचार रोकना सरकार की प्राथमिकता है। कहा कि प्रदेश के 403 विधायकों में वह इकलौते प्रजापति विधायक हैं। समाज के लोगों को भाजपा के प्रति संगठित करने का भी काम करेंगे। इस दौरान उन्होंने नीरज पटेल को प्रतिनिधि और मनोज प्रजापति को पीआरओ घोषित किया।