बांदा। होम क्वारंटीन प्रवासी मजदूर ने घर से कुछ दूर पड़ोसी के खेत में पेड़ में रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 29 जून को उसकी शादी तय थी। घर में तैयारियां चल रही थीं। खुशियां मातम में बदल गईं।
मटौंध थाना क्षेत्र के लोहरा गांव में महेश (21) पुत्र रज्जू का शव घर से लगभग 300 मीटर दूर नीम के पेड़ में फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमार्टम कराया है। पिता ने बताया कि महेश दिल्ली में ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। 19 मई को घर लौटा था और होम क्वारंटीन था।
घर के खपरैल की छानी के लिए कांस काटने की बात कहकर घर से निकला था। तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था और 29 जून को रतौली (महोबा) में शादी होनी थी। उधर, ग्राम प्रधान मैथिली शरण मिश्रा ने बताया कि पिता के नाम जॉबकार्ड है।
गांव में खंती खुदाई में मजदूरी कर रहा है। उसको भी काम देने के प्रयास हो रहे थे। पिता रज्जू के नाम 12 बीघा जमीन है। मटौंध थाना इंस्पेक्टर रामेंद्र तिवारी का कहना है कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या माना जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जायगी।