चित्रकूट। होमगार्ड भर्ती एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी। सात केंद्रों में परीक्षा होगी। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए हैं।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) चंद्रशेखर ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ के निर्देश पर यह परीक्षा तीन दिनों तक जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। प्रतिदिन दो पाॅलियों में परीक्षा होगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक। परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति, जैसे कर्फ्यू लागू होने की स्थिति में परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र और ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों के पहचान पत्र को ही कर्फ्यू पास माना जाएगा, इससे उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई दिक्कत न हो। जिले में पहले से लागू धारा 163 (पूर्व में धारा 144) से परीक्षा केंद्रों के आसपास सख्ती बढ़ा दी गई है। परीक्षा केंद्र के 100 मीटर के दायरे में केवल परीक्षार्थी, ड्यूटी में तैनात कर्मचारी और सुरक्षा बलों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। अन्य सभी अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा परीक्षा अवधि के दौरान केंद्र से एक किमी के दायरे में फोटो कॉपी और स्कैनर की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं 100 मीटर के आसपास की अन्य दुकानें भी नहीं खुलेंगी।