बांदा। शहर के मोहल्ला कटरा निवासी अधिवक्ता विमल कृष्ण श्रीवास्तव ने डीएम दी अर्जी में पालिका के सफाई कर्मचारियों पर आरोप लगाया कि वह पिछले 10 दिनों से मकान की पटिया उखाड़कर सफाई का कार्य कर रहे हैं। नाली के ऊपर लगी कई पटियों को तोड़ दिया है। इससे उन्हें करीब 70 हजार का नुकसान हुआ। नाला के खुले रहने से दुघर्टना का खतरा बना हुआ है। (संवाद)
--------------
विद्युत बकायेदारों के कनेक्शन काटे
बांदा। विद्युत विभाग ने बकाया वसूली अभियान के तहत शहर के खाईंपार मोहल्ले में बृहस्पतिवार को 11 बकायेदारों के कनेक्शन काटे। साथ ही प्राथमिकी दर्ज कराने की चेतावनी दी। उप खंड अधिकारी शत्रुघन चौहान ने बताया कि कोविड-19 एक मुश्त समाधान योजना के बावजूद उपभोक्ता बकाया जमा नहीं कर रहे। टीम में अवर अभियंता कांता प्रसाद, अवर अभियंता/ प्रवर्तन दल अरविंद कुमार, विनय कुमार सहित लाइन मैन आदि मौजूद रहे। (संवाद)
----------------
सभासद ने बोर्ड बैठक का किया बहिष्कार
बांदा। नगर पालिका के वार्ड 25 से सभासद बुशरा खानम ने बृहस्पतिवार को परिषद की बोर्ड बैठक का बहिष्कार कर दिया। आरोप लगाया कि उनके वार्ड क्षेत्र में पिछले दो साल से कोई विकास कार्य नहीं कराया। इससे यहां के निवासियों में आक्रोश है। सभासद ने ईओ को दिए पत्र में कहा कि मर्दननाका क्षेत्र अनुसूचित व मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र है। पालिका द्वारा क्षेत्र की अवहेलना की जा रही है। वार्ड के विकास को लेकर उन्होंने कई बार लिखित रूप से अवगत भी कराया, लेकिन वहां विकास कार्य नहीं कराए गए। (संवाद)
-------------------
150 लोगों को वैक्सीन लगी
गिरवां। मिनी सचिवालय में कोविड-19 की पहली डोज का टीकाकरण बहेरी सीएचसी की टीम ने किया। बृहस्पतिवार को 84 पुरुष व 66 महिलाओं समेत 150 लोगों का टीकाकरण किया। यहां स्वास्थ्य टीम के किरण सीएचओ कैलाशचंद्र, रामदुलारी, जयप्रकाश, ऋषि कुमार, बबीता व आशा कार्यकर्ता आदि मौजूद रहीं।
-----------------
चुनाव में गड़बड़ी हुई तो कार्रवाई
खप्टिहा कलां। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर बृहस्पतिवार को पैलानी एसडीएम रामकुमार ने गांव में ग्रामीणों के साथ बैठक की। कहा कि चुनाव में गड़बड़ी फैलाने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। प्रलोभन देने वालों की खैर नहीं होगी। सीओ सदर सत्यप्रकाश ने कहा कि थानों या दुकानों में लाइसेंसधारक शस्त्र जमा करा दें। वरना निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। बैठक में गांव के मनोज दीक्षित, मलखान सिंह, इंद्राज यादव व कुलदीप पांडे से चुनाव में गड़बड़ी होने पर प्रशासन से शिकायत करने की निर्देश दिए। बैठक में इंस्पेक्टर जीतेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे। (संवाद)
----------------
प्याऊ की मांग
अतर्रा। नगर के बांदा रोड स्थित समाजसेवी मंजुल द्विवेदी, नीरज द्विवेदी, संजुल आदि ने पालिका ईओ राम सिंह से सार्वजनिक स्थानों में प्याऊ खोलने की मांग की है। उन्होंने अर्जी में बस स्टैंड, टेंपो स्टैंड और रेलवे स्टेशन आदि स्थलों का जिक्र किया। (संवाद)
---------------------
पांच वर्षीय मासूम गड्ढे में डूबा
बांदा। मां के साथ केन नदी नहाने गया मासूम गड्ढे में गिरकर डूबने लगा। मां के शोर मचाने पर दौड़े गोताखोरों ने गड्ढ़े से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। मटौंध क्षेत्र के भूरागढ़ निवासी सुमन बृहस्पतिवार की दोपहर केन नदी नहाने गई थी। साथ में पांच वर्षीय बेटा आदित्य भी था। मां कपड़े धोने लगी इसी बीच आदित्य पास में ही पोकलैंड मशीन द्वारा खोदे गए पानी के गड्ढ़े में गिर गया और डूबने लगा। मां के शोर मचाने पर दौड़े गोताखोरों ने बच्चे को गड्ढ़े से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। (संवाद)
-----------------
ट्राली पलटने से मजदूर घायल
बांदा। ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से मजदूर दबकर घायल हो गया। गिरवां के काजीपुर गांव निवासी बऊआ मजदूरी करता है। बृहस्पतिवार की दोपहर वह ट्रैक्टर-ट्राली में बैठकर सिलपाही बालू खदान जा रहा था। खदान के नजदीक चढ़ाई में ट्रैक्टर-ट्राली के पलट जाने से वह नीचे दब गया। ग्रामीणों की मदद से उसे ट्राली से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। (संवाद)
-------------------
बुखार से महिला सहित दो की मौत
बांदा। महिला सहित दो की बुखार से मौत हो गई। बिसंडा थाना क्षेत्र के कोनी गांव निवासी कलुआ (76) व तिंदवारी के जौहरपुर गांव निवासी सुनीता को तेज बुखार आने पर परिजनों ने बृहस्पतिवार की सुबह जिला अस्पताल में पहुंचाया। देर शाम दोनों की मौत हो गई। (संवाद)