अतर्रा/बांदा। कस्बे में बुधवार को बैंक से रुपए निकालकर घर जा रहे पूर्व प्रधानाचार्य के साथ 50 हजार रुपये की टप्पेबाजी करने वाले आरोपी की शुक्रवार की दोपहर पुलिस व एसओजी टीम से मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी। पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
अपर एसपी शिवराज भी मौके पर पहुंचे। टप्पेबाजी की घटना का खुलासा करने के लिए एसपी ने एसओजी सहित दो टीमें लगाई थीं। बैंक सहित अन्य सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चित्रकूट जिले मानिकपुर ग्रामीण निवासी रामबाबू कुशवाहा के रूप में पहचान हुई। शुक्रवार दोपहर मुखबिर की की सूचना पर सीओ प्रवीण यादव की अगुवाई में एसओजी के अलावा अतर्रा, फतेहगंज और बदौसा थाने की पुलिस ने आरोपी को महुटा चौकी अंतर्गत लोधौरा मोड़ के पास घेर लिया।
पुलिस को नजदीक आता देखकर आरोपी ने हवा में फायर किया। नजदीक पहुंचने पर दूसरा फायर झोंका। गोली एसओजी सिपाही प्रतीक के कान के बगल से निकल गई। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो गोली आरोपी रामबाबू के बाएं पैर में लगी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सीएचसी में दाखिल कराया, वहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। एएसपी शिवराज के मुताबिक आरोपी के खिलाफ हत्या, लूट और गुंडा एक्ट के तहत 20 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ पहला मुकदमा 2010 में मानिकपुर थाना में दर्ज हुआ था। मध्य प्रदेश सतना के अलावा यूपी के कई थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं।