नरैनी। गिरवां थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को घर के बाहर नल के पास खेल रही चार वर्षीय बालिका को पड़ोसी युवक अपने घर ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। परिजनों को जानकारी हुई तो मामले को दबाने का प्रयास किया गया। गुरुवार को पिता ने थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मासूम बच्ची के पिता ने पुलिस को बताया कि घर के सभी लोग काम में व्यस्त थे। उसकी मासूम बेटी पड़ोसी बच्चों के साथ घर के बाहर हैंडपंप के पास खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोसी युवक वहां पहुंचा और उसकी बेटी को उठाकर अपने घर ले गया और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घर लौटी बेटी के रोने पर जानकारी हो सकी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक अनुकेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस क्षेत्राधिकारी अंबुजा त्रिवेदी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मासूम बच्ची का नरैनी सीएचसी में मेडिकल परीक्षण कराया गया है। (संवाद)