हिंदी दिवस पर आयोजित गोष्ठी में हिंदी-उर्दू को
बहनें बताया गया। शिक्षकों और छात्राओं ने हिंदी पर कविताएं और शेर सुनाए।
उधर, ग्रैंड पैरेंट्स डे भी मनाया गया।
खुटला स्थित फात्मा गर्ल्स
इंटर कालेज में हिंदी उन्नयन गोष्ठी हुई। अध्यक्षता कर रहीं प्रधानाचार्य
राफिया खानम ने कहा कि हिंदी सभी इंसानों के दिलों को जोड़ने वाली भाषा है।
हिंदी बड़ी और उर्दू छोटी बहन है। शिक्षिका शाहीन ने हिंदी-उर्दू
को संगम और सुमन गुप्ता ने सरल और शुभकारी भाषा बताया। 10वीं की छात्रा
हुरैरिया और 12वीं की हुमैरा ने हिंदी को गीत के जरिये तुलसी की फुलवारी और
मीरा की मतवारी बताया।
मनीषा, मिर्जा मुबस्सरीन, काशिफा, तस्कीन
ने भी विचार व्यक्त किए। हिंदी प्रवक्ता नादिर खां ने हिंदी का इतिहास बयां
किया। गोष्ठी का संचालन रोहित मिश्रा ने किया। स्कूल स्टाफ नुजहत नकवी,
रुबीना, सुरेश मिश्र, रफीक खां, हसन खां, काशी प्रसाद भी शामिल रहे।
उधर,
शनिवार को बचपन प्ले स्कूल में ग्रैंड पैरेंट्स डे मनाया गया। ग्रैंड
पैरेंट्स रामेश्वर प्रसाद और लक्ष्मी गौर का स्कूल स्टाफ ने स्वागत किया।
बच्चों
ने कई कार्यक्रम पेश किए। फिल्मी गीतों पर डांस किए। स्कूल प्रबंधक विनोद
यादव ने भी ग्रैंड पैरेंट्स को सम्मानित किया। उन्होंने सभी का आभार जताया।