बांदा/चित्रकूट। दिन प्रतिदिन तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण ने मंगलवार को ऊंची छलांग लगाई। एक ही दिन में 66 संक्रमित मरीज पाए गए। यह पूरे कोरोना काल में अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। नए मरीजों में 40 बांदा शहर के हैं। शेष कस्बों और गांवों के हैं। राजकीय मेडिकल कालेज के दो डाक्टरों समेत पांच स्वास्थ्य कर्मी भी संक्रमित पाए गए हैं। उधर, चित्रकूट जिले में इस साल का पाजिटिव मरीज मिलने का रिकार्ड टूट गया है। जज, उनके चालक और चतुर्थश्रेणी कर्मचारी समेत 49 नए संक्रमित मिले। कचहरी मंगलवार को बंद रहेगी।
बांदा जिला अस्पताल और जिला जजी के एक-एक कर्मी भी पॉजिटिव मिले हैं। अब जनपद में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 177 हो गई है। अब तक कुल 3851 लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें 3681 स्वस्थ हो चुके हैं। सोमवार को आई जांच रिपोर्ट में रिकार्ड 66 पॉजिटिव मरीज मिले। इनमें 22 महिलाएं हैं। कई किशोर और युवक-युवतियां एवं एक सात वर्षीय बालिका भी संक्रमित हुई है। संक्रमितों में राजकीय मेडिकल कालेज बांदा के 40 वर्षीय पुरुष डाक्टर और 35 वर्षीय महिला डाक्टर सहित पांच कर्मी हैं। जिला अस्पताल में 26 वर्षीय महिला कर्मी पॉजिटिव मिली है। जिला कोर्ट में 26 वर्षीय कर्मी को संक्रमित पाया गया है।
शहर में कालूकुआं में छह, इंदिरा नगर में तीन, छोटी बाजार व बलखंडी नाका में दो-दो, शांति नगर, आजाद नगर, राजाराम मेमोरियल कालेज व नर्सिंग होम, कटरा (डा. सिंह अस्पताल के पास), डीएवी कालेज, बंगालीपुरा, बिजलीखेड़ा, छाबीतालाब, झील का पुरवा, डीएम कालोनी, प्रधान डाकघर के पास, तुलसी नगर, पोड़ाबाग, गायत्री नगर, मर्दन नाका, छावनी आदि में भी संक्रमित पाए गए हैं। इनके अलावा बबेरू में आठ, तिंदवारी में चार, अतर्रा में तीन, जसपुरा में दो, मवई, ओरन, बघेलाबारी में एक-एक संक्रमित शामिल हैं। इस बाबत सीएमओ डा. एनडी शर्मा ने बताया कि अब तक जनपद में 4,64,401 लोगों के नमूने की जांच की जा चुकी है। मृतकों का आंकड़ा पूर्व का 43 है।
चित्रकूट के सीएमओ डा. विनोद कुमार ने बताया कि मंगलवार को 49 नए कोरोना के मरीज मिले, जिसमें एक जज, उनके वाहन चालक और एक अन्य कर्मचारी है। अब जिले में कोरोना के 2317 मरीज हो चुके हैं, जिसमें 15 की मौत हो चुकी है। एक मरीज स्वस्थ होने पर घर भेजा गया है। एक्टिव केस 119 हैं। जिले में मंगलवार को 917 लोगों को कोरोना टीका लगाया गया है। लगातार तीन दिन से कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। रविवार व सोमवार को 29-29 मरीज मिले थे। वहीं रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड से लेकर ब्लाक तहसील परिसर में लगातार कोविड के नियमों की अनदेखी देखी जा रही है। डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बताया कि सभी को निर्देश दिए गए हैं कि मास्क व सैनिटाइजर का प्रयोग जरूर करें।
इंसेट---
टीकाकरण बगैर इस माह का वेतन नहीं
बांदा। सभी कार्यालयों में अधिकारियों या कर्मचारियों को चालू माह अप्रैल का वेतन बिना कोविड टीका लगवाए नहीं मिलेगा। डीएम आनंद कुमार सिंह ने सभी कार्यालयों में 45 वर्ष से अधिक उम्र के अधिकारियों और कर्मचारियों को टीकाकरण अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही पंचायत चुनाव में ड्यूटी पर लगाए गए 9000 कर्मचारियों को भी टीका लगवाने जरूरी है। उक्त आदेश मंगलवार को डीएम ने जारी किया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों के आदेशों का हवाला देकर बताया कि टीकाकरण की रफ्तार तेज करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। राजकीय मेडिकल कालेज, जिला अस्पताल और सभी सीएचसी व पीएचसी तथा हेल्थ वेलनेस सेंटर में सोमवार से शनिवार तक रोजाना सुबह नौ से पांच बजे तक टीकाकरण किया जाएगा। अधिकारियों व कर्मचारियों को टीकाकरण का प्रमाण पत्र विभागाध्यक्ष को प्रस्तुत करने पर ही अप्रैल का वेतन दिया जाएगा। डीएम ने सभी विभागाध्यक्षों से कहा कि रोजाना लगाए गए टीकों की सूचना सीएमओ को भेजी जाए। इसकी समीक्षा होगी। लापरवाही या ढिलाई पर जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। (ब्यूरो)
इंसेट---
कोरोना संक्रमित मिलने से जजी आज बंद
बांदा। जिला जजी में तृतीय श्रेणी कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर जिला जजी स्थित सभी दीवानी और फौजदारी अदालतें व कार्यालय सात अप्रैल को बंद रहेंगे। इस दिन के मुकदमों की अगली तारीख की सूचना परिसर के मुख्य गेट पर चस्पा की जाएगी। यह आदेश जनपद न्यायाधीश ने जारी किया है। यह जानकारी जिला न्यायालय के प्रशासनिक अधिकारी राजाराम गुरुदेव ने दी। (ब्यूरो)