बांदा। फर्जी दरोगा बनकर शादी करने वाले एक युवक ने प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अपनी पत्नी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की विवेचना किसी अन्य थाने में स्थानांतरित करने की मांग की है।
महुटा गांव निवासी कंचन सिंह ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र के डोहरू गांव निवासी अनूप सिंह के साथ उसका विवाह हुआ था। आरोपी अनूप ने खुद को पुलिस में दरोगा बताकर, वर्दी और आईकार्ड दिखाकर शादी की थी। एक पुत्र होने के बाद कंचन को पता चला कि अनूप दरोगा नहीं है।
कंचन ने 25 दिसंबर 2025 को अपने मायके में आकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से आरोपी अनूप और उसके परिवार द्वारा पीड़िता और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने और मामले की विवेचना अतर्रा थाने से हटाकर किसी अन्य थाने को सौंपे जाने की गुहार लगाई है।