हॉकर्स को राशन किट सौंपते विधायक प्रकाश द्विवेदी।
- फोटो : BANDA
बांदा। रोजाना तड़के घर-घर देश-दुनिया से लेकर पास-पड़ोस तक की खबरें परोसने वाले दैनिक अखबार के हॉकर भी लॉकडाउन से प्रभावित हैं। पाठकों का नियमित भुगतान न मिलने से समाचारपत्र विक्रेता आर्थिक तंगहाली भी झेल रहे हैं। ऐसे में अमर उजाला फाउंडेशन की पहल पर भाजपा विधायक प्रकाश द्विवेदी ने शुक्रवार को यहां आधा सैकड़ा से ज्यादा हॉकरों को ससम्मान राशन किट सौंपी।
लॉकडाउन में कई पाठकों ने हॉकर्स का भुगतान रोक लिया है। कुछ को अखबार से कोरोना फैलने की गलतफहमी हो गई जबकि देश के तमाम डाक्टरों और विशेषज्ञों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि अखबार से कोरोना नहीं होता। पूरे वर्ष इक्का-दुक्का छुट्टी को छोड़कर पूरे वर्ष हर मौसम की मार सहकर तड़के घरों में अखबार पहुंचाने वाले समाचारपत्र विक्रेता भी इस समय हमदर्दी के हकदार हैं।
इसी सोच के बीच अमर उजाला फाउंडेशन की पहल पर शुक्रवार को यहां विधायक प्रकाश द्विवेदी ने अपने सिविल लाइन स्थित कैंप कार्यालय में आधा सैकड़ा हॉकरों को राशन किट उपलब्ध कराई। भविष्य में भी हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।
वितरण में विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ, अनिरुद्ध त्रिपाठी, पुष्कर द्विवेदी, राजेश सिंह आदि शामिल रहे। इस अवसर पर समाचार पत्र वितरक एसोसिएशन अध्यक्ष घासीराम निषाद सहित संजय गुप्ता आदि भी उपस्थित थे।