इस साल हज यात्रा पर जाने वालों को ट्रेंड करने का काम शुरू हो गया है। आल इंडिया सेंट्रल हज कमेटी ने आवेदन पत्र जारी कर दिए हैं। इन्हें भरकर 20 फरवरी तक जमा करना होगा। हज आवेदन फार्म अबकी ऑनलाइन भी भरे जाएंगे। हज कमेटी ने यह व्यवस्था पहली बार लागू की है।
रविवार को यहां खानकाह इंटर कॉलेज में हज ट्रेनिंग कैंप में हज यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे लोगों को हज ट्रेनर हाजी गुलाम मुस्तफा ने हज संबंधी जरूरी जानकारियां दीं। साथ ही हज आवेदन पत्र मुफ्त बांटे।
उन्होंने बताया कि हर रविवार को खानकाह इंटर कॉलेज में हज आवेदन फार्म भरने के लिए कैंप लगाया जाएगा ताकि फार्म भरने में गलतियां न हों। फार्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह 19 फरवरी तक स्टेट हज कमेटी में जमा होगी।
इस वर्ष हज आवेदन ऑनलाइन भी किया जा सकेगा। हज यात्रियों को दो कैटागरी (श्रेणियों) में रखा गया है। पहली कैटागरी में 70 वर्ष से ज्यादा उम्र के लोग शामिल किए गए हैं। दूसरी कैटागरी में अन्य सामान्य हज यात्री होंगे।
एक फार्म में अधिकतम पांच बालिग और बच्चों के लिए आवेदन किया जा सकेगा। ट्रेनिंग कैंप में खानकाह स्कूल प्रबंधक हाजी मोहम्मद फारूक, जिला हज समिति सदस्य हाजी यासीन अहमद, जाहिद अली, अजीजुस्समद, हमीद अहमद, आफताब अहमद शामिल रहे।