बांदा। श्रद्धा और भक्ति के साथ गुरु पूर्णिमा मनाई गई। भगवान की तरह शिष्यों ने अपने गुरु की विधिवत पूजा-अर्चना की और सम्मानित भी किया। गुरुओं ने भी उन्हें आशीर्वाद दिया। शिव और सांई मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही।
शनिवार को गुरु पूर्णिमा की धूम रही। शहर के क्योटरा में पंडित उमाकांत त्रिवेदी शास्त्री के यहां शिष्यों का जमघट रहा। उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। पंडित शास्त्री ने संदेश दिया कि एक शिष्य के लिए गुरु का स्थान भगवान से भी ऊंचा होता है। कबीरदास का दोहा, गुरु गोविंद दोऊ खड़े काके लागूं पांय, बलिहारी गुरु आपने गोविंद दियो बताए, सुनाया।
यह भी कहा कि गुरु की प्रतिमा मिट्टी या पत्थर की बनाकर कोई शिष्य पूजन करता है तो उसे भी ज्ञान प्राप्त होता है। इसके अलावा शहर के कई स्कूलों में भी गुरु पूर्णिमा पर आयोजन हुए। छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुओं को उपहार भेंट किए। उधर, एसीडी स्टूडियो में बालक-बालिकाओं ने अपनी डांस गुरु निशा गुप्ता का टीका लगाकर तोहफे भेंट किए। निदेशक निशा ने शिष्यों के आयोजन को सराहा और उन्हें कामयाबी का आशीर्वाद दिया।
पूजे गए गुरु, खूब हुए भंडारे
खप्टिहा कलां/तिंदवारी। प्रसिद्ध स्थान रघुवीर मंदिर व महाकालेश्वर मंदिर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव मनाया गया। दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने मंदिर में माथा टेककर गुरु महाराज की पूजा की। इस मौके पर गीत-संगीत कार्यक्रम भी चला। रघुवीर मंदिर प्रांगण में भंडारा किया गया, जिसमें भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में डॉ. रामप्रकाश गुप्त, रामविलास गुप्त, लल्लन गुप्ता, जयप्रकाश गुप्ता, वेद प्रकाश, विजय बाबू द्विवेदी, अशोक कुमार द्विवेदी, मनोज कुमार दीक्षित, ब्रजनंदन गुप्ता, रामप्रकाश द्विवेदी, छोटू गुप्ता आदि ने भंडारे में लंगर छका। तिंदवारी में जसईपुर स्थित पहलवान बाबा आश्रम व रामानंद जी सरस्वती मंदिर पर भंडारे का आयोजन किया गया। काली माता मंदिर, पहलवान बाबा आश्रम, मुंगुस की सिंहवाहिनी, शीतला माता मंदिर, कुरसेजाधाम में श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
गुरु पूर्णिमा पर पंच कुंडीय यज्ञ
बबेरू/अतर्रा/खुरहंड। गुरु पूर्णिमा पर गायत्री मंदिर शक्ति पीठ, बबेरू में पंच कुंडीय यज्ञ व जप हुआ। संचालन परिव्राजक रामसजीवन साहू व उनकी धर्मपत्नी सुदामा ने किया। कहा कि गुरु के मिलने पर सारा जीवन सुख व सौभाग्य से भर जाता है।
यज्ञ में यजमान शिवदत्त, विनोद, सरला देवी पप्पू, मुरलधर आदि मौजूद रहे। अतर्रा के गौराधाम मंदिर में गौरा बाबा महाराज के पूजन व दर्शन के लिए सारा दिन शिष्यों की भीड़ रही। महंत पुरुषोत्तम दास ने सभी को प्रसाद वितरित किया। खुरहंड में मणिदाई मंदिर में गुरु दीक्षा कार्यक्रम हुआ। विनय कुमार, गौरव सिंह, बालेंद्र सिंह, सुमित सिंह आदि मौजूद रहे।