बांबेश्वर मंदिर में शिवलिंग की पूजा करतीं महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। नगर निकाय मतदाता सूची का सत्यापन के बाद अब फीडिंग का काम शुरू हो गया है। नगर पालिका बांदा और अतर्रा समेत पांचों नगर पंचायतों की सत्यापित सूची फीड कराई जा रही है। सूची का अंतिम प्रकाशन 18 अगस्त को होना है।
नगर निकाय मतदाता सूची दुरुस्त कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चला जा रहे पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाताओं के सत्यापन की तिथि खत्म हो गई है। हालांकि सत्यापन में भारी लापरवाही की शिकायतें सभी मोहल्लों से मिल रही हैं। बीएलओ घर-घर नहीं गए।
सहायक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि फीडिंग के बाद 18 अगस्त को अनंतिम सूची प्रकाशित कर दी जाएगी। इसके बाद मतदाताओं से दावा और आपत्तियां ली जाएंगी। इनके निस्तारण के बाद अंतिम सूची का प्रकाशन होगा।
नगर पालिका बांदा और अतर्रा समेत नगर पंचायत मटौंध, नरैनी, बबेरू, बिसंडा और तिंदवारी की सत्यापित मतदाता सूची की करीब 50 फीसदी से ज्यादा फीडिंग हो चुकी है। सत्यापन में खामियों को देखते हुए आपत्तियों के बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
मतदाता सूची पुनरीक्षण पहली से
बांदा। निर्वाचन विभाग ने फोटोयुक्त विधान सभा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित किया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम गंगाराम गुप्ता ने बताया कि पहली सितंबर को निर्वाचक नामावली का प्रकाशन और 31 अक्तूबर तक दावे व आपत्तियां लिए जाएंगे।
अभियान की विशेष तिथि 4, 18 व 25 सितंबर और 9 व 23 अक्तूबर निर्धारित की गई है। ग्राम पंचायतों व नगर निकायों में 3 व 30 सितंबर और 19 अक्तूबर व 16 नवंबर को मतदाता सूची पढ़कर सुनाई जाएगी। 5 दिसंबर को आपत्तियों का निस्तारण कर 2 जनवरी को अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा।