बांदा। फतेहगंज थाना क्षेत्र के जबरापुर गांव में सराफ की हत्या व लूट मामले में गुलाबी गैंग कमांडर संपत पाल की अगुवाई में महिलाओं ने एसपी कार्यालय में प्रदर्शन किया। घटना में शामिल दो अन्य हत्यारोपियों को गिरफ्तारी और विवेचनाधिकारी बदलने की मांग की।
गुलाबी गैंग की महिलाओं के प्रदर्शन संग सराफ का परिवार भी शामिल रहा। जबरापुर की हीरामनी सोनी ने शिकायती पत्र में बताया कि उसके पुत्र जितेंद्र उर्फ छोटा की दो फरवरी को सिपाही लाल का पुरवा के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बदमाश उसका जेवरों से भरा बैग छीन ले गए थे। इसमें पुलिस ने तीन बदमाशों बघेलाबारी का छोटू पटेल, चित्रकूट का दरसा पटेल और कर्वी के रवि पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
आरोप लगाया कि वारदात में सेमरिया और जबरापुर के दो लोगों के नामों का भी खुलासा हुआ है। इसमें एक ने उसके पुत्र को घटना से पूर्व धमकी भी दी थी। हीरामनी ने एसपी से दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी करने व विवेचनाधिकारी बदलने की मांग की है।