बांदा। मानसून का मौसम चल रहा है, लेकिन बुंदेलखंड में सूखा है। यहां से मानसून फिलहाल रूठा ही है। चित्रकूटधाम मंडल के लगभग सभी 13 बांधों गंगऊ, बरियारपुर, रनगवां, ओहन, बरुआ, अर्जुन, चंद्रावल, मझगवां, उर्मिल, मौदहा, गुंता, कबरई और रसिन में मानसूनी मौसम में जलस्तर और घट गया है, जबकि ये दिन इन बांधों के उफनाने के हैं।
उधर, बिन बारिश खरीफ की फसल पर बर्बादी के बादल मंडरा रहे हैं। मानसूनी मौसम के बावजूद चित्रकूटधाम मंडल के चारों जिलों बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट और महोबा में चार लाख से ज्यादा क्षेत्रफल में बुआई होनी है, लेकिन औसत से मात्र 20 फीसदी बारिश ही हुई है। 15 जून से मानसूनी मौसम शुरू हो चुका है। अब तक एक माह से ज्यादा का समय बीत गया है। इसके साथ ही जुलाई का एक पखवाड़ा गुजर जाने के बाद भी पूरे बुंदेलखंड खासतौर पर चित्रकूटधाम मंडल में बारिश पूरी तरह से नदारद है। उमस और तेज धप व गर्मी से जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त है। खेती भी पिछड़ रही है।
उधर, पूरे साल खेत और पेट को पानी देने वाले बांध/वियर भी बिन बारिश उफना नहीं पा रहे हैं। चित्रकूटधाम मंडल में केन सहित सभी नदियां तलहटी पर सिमटी हुईं हैं। पिछले वर्षों जुलाई में यह उफना गईं थीं और जिला प्रशासन बाढ़ राहत में कार्यों में जुट गया था, लेकिन अबकी अभी दूर-दूर तक पानी नजर नहीं आ रहा है। उधर, बांधों में पानी का स्तर बिल्कुल निमभन स्तर पर पहुंचने से खेतों की सिंचाई के लिए जहां पानी के लाले पड़ हुए हैं, वहीं लोगों के लिए पीने के पानी का भी संकट खड़ा हो गया है। हाल फिलहाल झमाझम बारिश न हुई और बांध न भरे तो किसानों संग अन्य लोगों को भी पानी संकट से दो-चार होना पड़ सकता है।
मंडल के बांधों में पिछले और इस माह का जलस्तर (मीटर में)---
बांध 16 जून 17 जुलाई घटा
गंगऊ 223.54 223.45 0.9
बरियारपुर 185.01 183.67 1.34
रनगवां 220.58 220.58 00
ओहन 158.52 160.26 1.74 बढ़ा
बरुआ 137.71 137.71 00
अर्जुन 168.73 168.58 0.15
चंद्रावल 147.88 147.67 0.21
मझगवां 227.01 217.01 10.00
उर्मिल 227.60 227.10 0.50
मौदहा 141.30 141.50 0.20 बढ़ा
गुंता 118.40 118.40 00
रसिन 139.30 139.50 0.20 बढ़ा
कबरई 149.04 149.04 00
-
गंगऊ क्रस्टवाल ने लांघा पानी
मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर हुई बारिश से मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित गंगऊ बांध/वियर में पानी क्रस्टवाल को लांघ गया है। शनिवार को क्रस्टवाल के ऊपर से 1510 क्यूसेक पानी केन नदी में डिस्चार्ज होता रहा। हालांकि, यह फिर भी काफी कम है। पिछले माह 15 जून की अपेक्षा इस समय गंगऊ बांध का जलस्तर 0.9 मीटर कम हुआ है।
मौदहा बांध में सबसे ज्यादा वर्षा
चित्रकूटधाम मंडल के बांधों में एक जून से अब तक सबसे ज्यादा 111 मिमी बारिश हमीरपुर के मौदहा बांध में हुई है। गंगऊ बांध में 30 मिलीमीटर, रनगवां बांध में 20 मिलीमीटर, ओहन बांध में 65 मिलीमीटर, बरुआ बांध में 21 मिलीमीटर, अर्जुन बांध में 25 मिलीमीटर, चंद्रावल बांध में 45 मिलीमीटर, कबरई बांध में 47 मिलीमीटर, मझगवां बांध में 35 मिलीमीटर, उर्मिल बांध में 25 मिलीमीटर, गुंता बांध 85 मिलीमीटर और रसिन बांध में अब तक मात्र 35 मिलीमीटर बारिश ही दर्ज की गई है।
का वर्षा जब कृषि सुखानी
खेती का समय बीतता जा रहा है और बारिश नदारद है। किसानों की जुबां पर यह कहावत याद आ रही है कि का वर्षा जब कृषि सुखानी। हालात सूखे की तरफ बढ़ रहे हैं। बुंदेलखंड में ज्यादातर खेत खाली पड़े हैं। चित्रकूटधाम मंडल में कृषि विभाग ने करीब सवा चार लाख हेक्टेयर में खरीफ फसलों की बुआई का लक्ष्य रखा है। आंकड़ों के मुताबिक, अब तक सिर्फ एक लाख हेक्टेयर में ही बुआई आदि का काम हो पाया है। किसानों का कहना है कि मानसून अपने समय पर रहता तो अब तक यहां बुआई का काम लगभग आधे से ज्यादा निपट जाता। आमतौर पर 15 जुलाई तक बारिश भी 50 फीसदी तक होती रही है। अबकी यह पैमाना आधा है।
मंडल में खरीफ की बुआई का लक्ष्य, अब तक हुई बुआई (हेक्टेयर) में---
जनपद लक्ष्य बुआई
बांदा 1,37,997 35,549
चित्रकूट 65,639 20,018
हमीरपुर 1,08,922 21,990
महोबा 1,22,925 26,410
योग 4,35,483 1,03,967