डीएम हीरा लाल ने जिले के सभी अफसरों को खबरदार किया है कि आम लोगों की समस्याओं पर शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब किया तो कारवाई के लिए तैयार रहें। हर हफ्तें इसकी समीक्षा करें। मौके पर जाकर समाधान करें और शिकायतकर्ता के हस्ताक्षर लें।
हर अधिकारी कोई न कोई उल्लेखनीय कार्य करके जनपद के विकास में खास भूमिका निभाए। मंगलवार को पैलानी तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर उपरोक्त निर्देश डीएम ने दिए। कहा कि अपने दफ्तरों को ताजमहल की तरह चमकता रखें। वह निरीक्षण करेंगे। गंदगी मिली तो बर्खास्तगी की कारवाई होगी।
सभी अधिकारियों को घर के सभी बर्तन मिट्टी के प्रयोग करने को कहा। चाइना के सामानों को परित्याग करने का निर्देश दिया। समाधान दिवस में पुुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा भी मौजूद थे। डीएम -एसपी ने सभी अधिकारियों को कौमी एकता दिवस पर शपथ दिलाई।
डीएम ने पैलानी तहसील परिसर में बाउंड्री निर्माण और पौध रोपण तथा मीटिंग हाल को ई-मीटिंग में बदलने के निर्देश एसडीएम मंसूर अहमद को दिए।
खाद्य आपूर्ति के लिपिक राजेश द्वारा प्राइवेट लड़कों से फीडिंग कराने की जानकारी देने पर डीएम का पारा चढ़ गया। चेतावनी दी कि अब प्राइवेट लड़के से काम लिया तो कठोर कारवाई की जाएगी।
चकबंदी लेखपालों को निर्देश दिए कि डुग्गी पिटवाएं कि चकबंदी अधिकारी गांव आएंगे। चौपाल लगाकर समास्याओं का निस्तारण करेंगे। इसकी फोटोग्राफी हो। डीएम ने पैलानी थाने के निरीक्षण में सीओ ओमप्रकाश को निर्देश दिए कि बांउड्री कराकर पौधों की कटाई छंटाई क र फूलदार पौधें लगवाए। नयी बिल्डिंग का प्रस्ताव भेजें।
थानाध्यक्ष एसके सिंह को निर्देश दिए कि स्टाफ को एक-एक पौधा देकर पौधरोपण कराएं। पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण हो। फरियादियों से विन्रमता का व्यवहार किया जाए।