पैलानी (बांदा)। चोरी करने पर डांटने की खुन्नस में 15 वर्षीय पौत्र ने चचेरी दादी की रुमाल से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बाल आपचारी को पकड़ा और पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने मृतका के पति की तहरीर पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के खप्टिहाकलां गांव की नया डेरा बस्ती में रात के करीब डेढ़ बजे 60 वर्षीय वृद्धा सुदामा की उसके ही 15 वर्षीय चचेरे पौत्र ने रुमाल से गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर वह वहां से भाग निकला। घटना के समय वृद्धा घर में अकेली थी, जबकि उसका पति खेत पर गेहूं की कटाई कराने गया हुआ था। मामले की जानकारी तब हुई जब एक पड़ोस की युवती पूनम मंगलवार को सुबह करीब 10 बजे दूध लेने उनके घर पहुंची। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसने बाउंड्री फांदकर अंदर जाकर देखा।
सुदामा चारपाई पर पड़ी थीं, जिनका एक हाथ और दोनों पैर नीचे लटक रहे थे। इसके साथ ही कान-नाक और मुँह से खून देख वह घबरा गई और चीखकर बाहर की ओर भागी। जिसके बाद मोहल्ले के लोगों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने जांच की। घटनास्थल पर चारपाई से कुछ दूरी पर टूटी हुई चूड़ियां पड़ी मिलीं, मृतका के मुँह और कान से खून निकला हुआ था। पुलिस जांच में सामने आया है कि मातादीन चार भाई हैं।
मातादीन के सगे भतीजे का 15 वर्षीय बेटा बिगड़ैल है। उसने तीन दिन पहले पड़ोस की किसी महिला की पायल चोरी की थी। उसे यह हरकत करते देख चचेरी दादी सुदामा ने देख लिया था। उससे पायल भी वापस कराई थी। इसी खुन्नस में बाल आपचारी ने वृद्धा की हत्या कर दी। मातादीन ने अपने चचेरे पौत्र के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर बाल आपचारी को पकड़ा है।
मृतका के पति मातादीन निषाद ने बताया कि उनके कोई संतान नहीं है। उन्होंने अपने साले देवराज की बेटी संगीता के तीन साल बच्चे गौरीशंकर को गोद लिया हुआ है। जो घटना से एक दिन पहले अपनी मां के पास चला गया था। संगीता की शादी उसके भतीजे अशोक के साथ हुई है। मृतका के नाम 13 बीघा जमीन व मातादीन के नाम 12 बीघा जमीन है। मातादीन निषाद चंदवारा के इंटर कॉलेज में चपरासी पद पर नियुक्त थे जो सेवानिवृत्त होकर गांव पर किसानी व टेंट की दुकान का काम करते हैं। साथ में किसानी भी करते हैं।
जांच में सामने आया है कि मातादीन के भतीजे के 15 वर्षीय पुत्र ने वृद्धा की गला घोंटकर हत्या की है। पूछताछ में बाल आपचारी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। तीन दिन पहले पड़ोस की किसी महिला की पायल चुराने के मामले में वृद्धा ने डांटा था, इसी खुन्नस में उसने हत्या की है। अभियोग दर्ज कर बाल आपचारी को किशोर न्यायालय भेजा जाएगा।
पलाश बंसल
पुलिस अधीक्षक, बांदा।
घटना स्थल से साक्ष्य एकत्र करने पहुंची फोरेंसिक टीम व पुलिस। संवाद