बांदा। पौत्री की ससुराल जा रही दादी को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई। पुलिस के जरिए परिजनों को जानकारी हो सकी।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के गौतमबुद्ध नगर निवासी राजरानी (60) शुक्रवार को अपनी पौत्री रितु की ससुराल देहात कोतवाली क्षेत्र के ढाड़िन पुरवा गांव जा रही थीं। महोखर बाईपास पर वह ई रिक्शा से उतरकर चाय पीने के लिए ढाबे की ओर जा रहीं थीं, तभी वहां से गुजरे ट्रक ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में राजरानी की मौत हो गई। चौकीदार बाबूलाल ने देहात कोतवाली में सूचना दी। पुलिस ने आसपास के गांव के लोगों से पता किया तो राजरानी के परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे।
राजरानी के पुत्र मूलचंद्र ने बताया कि वह पौत्री की ससुराल जा रही थीं। तभी यह हादसा हुआ है। मूलचंद्र मंगलीराम इंटर कॉलेज में प्राइवेट में शिक्षक हैं। वह तीन भाई हैं। देहात कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।